Jharkhand Government: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की विकास योजनाओं को गति देने के लिए एक्शन मोड में आ गए हैं. 13 जुलाई से वे विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों की शुरुआत करेंगे. दिल्ली में होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को देखते हुए समीक्षा बैठकों की समय-सारिणी में आंशिक बदलाव किया गया है. मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए. इसी उद्देश्य से विभागवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं.
योजनाओं की प्रगति और बजट खर्च की होगी समीक्षा
बैठकों में मुख्यमंत्री विभागों की प्रमुख योजनाओं की प्रगति, बजट खर्च, लंबित परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेंगे. जहां योजनाओं में देरी होगी, वहां संबंधित अधिकारियों से जवाब भी मांगा जाएगा. जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.
वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
इन बैठकों में संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री का फोकस जनहित की योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराने और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने पर रहेगा.
विभागवार समीक्षा का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 13 जुलाई को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा से बैठकों की शुरुआत करेंगे. इसके बाद 15 जुलाई को पथ निर्माण विभाग, 17 जुलाई को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग तथा 20 जुलाई को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रगति की समीक्षा करेंगे.
इसके बाद 22 जुलाई को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक होगी. 24 जुलाई को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाएगी. वहीं 27 जुलाई को ऊर्जा विभाग की प्रगति का आकलन किया जाएगा. समीक्षा बैठकों के अंतिम चरण में 29 जुलाई को कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के साथ कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी.