Palamu: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करमाहा टोला में सोमवार सुबह एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद युवक की स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, करमाहा टोला निवासी रविंद्र बैठा के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार बैठा का सोमवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद MMCH रेफर
चैनपुर सीएचसी में डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया गया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी के जवान विकास कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।