Chaibasa Crime News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है.
मां के काम पर जाते ही बच्ची को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार घटना 11 जुलाई की सुबह की है. पीड़िता की मां रोज की तरह काम पर गई थी. इस दौरान बच्ची मकान मालिक के घर पर उनके बच्चों के साथ खेल रही थी. कुछ देर बाद बाकी बच्चे सो गए, जबकि मासूम अकेले बैठकर टीवी देखने लगी. इसी दौरान मकान मालिक का रिश्तेदार आकाश लोहार कमरे में पहुंचा और बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की.
बच्ची ने दिखाई हिम्मत, आरोपी मौके से फरार
बताया जा रहा है कि बच्ची ने आरोपी का विरोध किया और उसके चंगुल से निकलने में सफल रही. आरोपी वहां से भाग निकला. दोपहर करीब दो बजे जब मां काम से घर लौटी तो बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद मां बिना देर किए पुलिस थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान 22 वर्षीय आरोपी आकाश लोहार को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोस्को एक्ट के साथ साथ अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच गुस्से में है , और सख्त, जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे है इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर भी कड़े कदम उठाने की मांग है ताकि भविष्य में ऐसा कोई घटना न घटे. जवाब में पुलिस ने मामले को संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच करने की बात कही, और पीड़िता के परिवार को न्याय और हर संभव कानूनी मदद दिलाने की भी बात कही.