जमशेदपुर: टाटा स्टील कलर्स में कार्यरत एक कर्मचारी ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। मैकेनिकल विभाग में कार्यरत 29 वर्षीय सन्नी चौधरी का रविवार रात करीब 9 बजे मशीन की चपेट में आने से दाहिना हाथ कट गया। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें सीसीयू में रखा गया है।
बारीडीह निवासी सन्नी चौधरी पिछले आठ वर्षों से शाम्भवी इंटरप्राइजेज के माध्यम से टाटा स्टील कलर्स में कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और शाम्भवी इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। हालांकि, इस मामले में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

परिवार ने लिखित आश्वासन की उठाई मांग
पीड़ित के परिजनों, विशेषकर उनके मामा दीपक कुमार ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन केवल मौखिक आश्वासन दे रहा है। परिवार की मांग है कि सन्नी चौधरी को भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी नौकरी का लिखित आश्वासन दिया जाए। साथ ही दुर्घटना के इलाज का पूरा खर्च और उचित मुआवजा भी लिखित रूप में सुनिश्चित किया जाए।
फिलहाल पीड़ित परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है, जबकि कंपनी प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई लिखित घोषणा नहीं की गई है। मामले को लेकर परिजनों में असंतोष का माहौल है।