Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने अपने एक कार्यकर्ता के घर पहुंचकर उसके नवजात पोते का नामकरण किया. परिवार की इच्छा पर मंत्री ने बच्चे का नाम "राहुल गांधी राहुल यादव" रखा और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
हराधन महतो उर्फ सुदामा के घर हाल ही में पोते का जन्म हुआ था. मंत्री इरफान अंसारी व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद परिवार से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने नवजात को गोद में लिया, आशीर्वाद दिया और परिवार के आग्रह पर उसका नामकरण किया.
इरफान अंसारी ने कहा कि परिवार ने बच्चे का नाम जानबूझकर नहीं रखा था. उनका इंतजार किया गया ताकि वही नवजात का नाम रखें. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है.
मंत्री ने बच्चे का नाम "राहुल गांधी राहुल यादव" रखते हुए कहा कि उनकी कामना है कि वह बड़ा होकर प्रेम, भाईचारे, संविधान, सामाजिक न्याय और मानवता के मूल्यों का सम्मान करे. साथ ही अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करे.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. यह रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि परिवार जैसा है. इसी विश्वास से उन्हें जनसेवा के लिए लगातार काम करने की प्रेरणा मिलती है.
इरफान अंसारी ने हराधन महतो और उनके पूरे परिवार को शुभकामनाएं देते हुए नवजात के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.