Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में महिला हत्या मामले का पुलिस ने महज कुछ समय में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तोड़ागहातू गांव के कीड़ासाई टोला में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय शूर कुई के रूप में की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया।
दूसरी पत्नी को घर लाने के बाद चल रहा था विवाद
जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतका के पति कानुसाम डिग्गी ने हाल ही में दूसरी शादी की थी और दूसरी पत्नी को घर लेकर आया था। इसके बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि 12 जुलाई की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी पति ने कथित रूप से तकिए से मुंह दबाकर शूर कुई की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
घटना को लेकर मृतका के भाई के लिखित आवेदन पर जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कानुसाम डिग्गी (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।