Seraikela: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) यानी SIR-2026 को सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने को लेकर सोमवार को सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की। इसमें जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और BLA-1 सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा SIR-2026 अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अपडेटेड और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे और गलत या अपात्र नामों को नियम के अनुसार हटाया जा सके।
14 जुलाई को सभी बूथों पर होगी BLO और BLA-2 की बैठक
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO और BLA-2 की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में BLA-2 अपने-अपने क्षेत्र के BLO के साथ समन्वय स्थापित कर SIR प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। इस दौरान ASDD (Absent, Shifted, Dead और Duplicate) मतदाताओं की सूची का सत्यापन और मिलान किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को और अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।
BLA-1 को दिए गए सक्रिय रहने के निर्देश
डीसी नितिश कुमार सिंह ने सभी BLA-1 को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय रखें और BLO के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर तालमेल से ही SIR-2026 अभियान को प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकता है। बैठक में बूथ स्तर पर सत्यापन कार्य, SIR की समयबद्ध कार्ययोजना, दावे और आपत्तियों के निपटारे समेत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ERO 57-खरसावां सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, ERO 51-सरायकेला सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।