Ramgarh News : रामगढ़ पुलिस ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य सह-साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे बाइक तथा करीब 370 ग्राम सोने और 160 ग्राम चांदी के लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ रामगढ़ समेत विभिन्न जिलों में 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद डकैती कांड के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही थी। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है।
पुलिस ने अब तक करीब 565 ग्राम सोने और 3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक एर्टिगा कार, एक स्कूटी तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने कहा कि मामले के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य पहलुओं की जांच के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।