Gamharia: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) गोदाम में चोरी और खराब दाल मिलने की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अभिनव प्रकाश ने गोदाम पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। एसडीओ अभिनव प्रकाश दोपहर करीब 12 बजे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) के साथ गोदाम पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, खाद्यान्न के रखरखाव, भंडारण व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और गोदाम की व्यवस्थाओं को बेहतर करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सड़ी दाल की शिकायत पर विभाग ने दी सफाई
वहीं, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बड़ी मात्रा में सड़ी दाल मिलने की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान केवल एक-दो पैकेट दाल खराब मिले थे, जिन्हें तुरंत बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और समाचारों में दिखाई गई अधिक मात्रा में खराब दाल की तस्वीरों से विभाग सहमत नहीं है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, चोरों ने गोदाम से इन्वर्टर, बैटरी समेत कई अन्य सामान चोरी कर लिए हैं। इसके अलावा तौल मशीन को भी नुकसान पहुंचाया गया है। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
खराब तौल मशीन से राशन वितरण प्रभावित होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, गोदाम में लगी तौल मशीन पिछले कई दिनों से खराब पड़ी थी। मशीन के सही तरीके से काम नहीं करने के कारण पीडीएस दुकानों तक भेजे जाने वाले अनाज की मात्रा में अंतर आने की शिकायत सामने आई थी। बताया जा रहा है कि कई बोरे में तय मात्रा से करीब 2 से 3 किलोग्राम तक अनाज कम पहुंचने की आशंका जताई जा रही थी।
सुरक्षा बढ़ाने और मशीन ठीक कराने के निर्देश
निरीक्षण के बाद एसडीओ ने गोदाम की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब तौल मशीन को जल्द दुरुस्त कराने को कहा गया, ताकि राशन वितरण व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो।