टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा चाईबासा की ओर जा रहा था. बायपास चौक के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही बस से उसकी भिड़ंत हो गई. हादसा इतना तेज था कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे चार यात्री घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे.
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं. हालांकि कुछ लोगों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है.
जांच शुरू, यातायात फिर हुआ सामान्य
हादसे के कारण बायपास चौक पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ई-रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. सदर थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही के पहलू की भी पड़ताल की जाएगी. साथ ही लोगों से व्यस्त सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है.