Ranchi News : राजधानी रांची के वीआईपी और संवेदनशील माने जाने वाले मोरहाबादी मैदान क्षेत्र में मंगलवार को वाहन जांच के दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में लालपुर थाना में पदस्थापित चालक राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लालपुर थाना पुलिस पार्क प्राइम होटल के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक महिंद्रा थार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और सामने मौजूद पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश यादव कई फीट दूर जा गिरे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी चालक की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल राजेश यादव को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। टक्कर मारने के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला वाहन से पुलिसकर्मी को कुचलकर जान से मारने के प्रयास का प्रतीत होता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।