Ranchi News : झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
धनबाद की जनता की आवाज थे मन्नान मल्लिक:- मुख्यमंत्री
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।