Seraikela: आम लोगों की शिकायतों के समाधान और प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सरायकेला समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की। जनता दरबार में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा
जनता दरबार के दौरान कुछ शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि जिन मामलों में विभागीय जांच या प्रक्रिया की जरूरत थी, उन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदनों का नियमानुसार और समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
राशन कार्ड, आयुष्मान और जमीन विवाद से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा, आरटीई के तहत बीपीएल कोटे से आदित्यपुर के निजी विद्यालय में एलकेजी में नामांकन, रैयती जमीन से अतिक्रमण हटाने, गम्हरिया प्रखंड के चौड़ा पंचायत में वंशावली जारी नहीं होने और भूमि विवाद से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जनता दरबार जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके।