Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट इलाके में पेड़ से लटका मिला महिला का शव अब पहचान लिया गया है. मृतका की पहचान नीमड़ीह थाना क्षेत्र के रुपरु गांव निवासी 20 वर्षीय सोमवारी सिंह के रूप में हुई है. उनके पति का नाम रवि सिंह मुंडा बताया गया है.
किराये के मकान में रह रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, सोमवारी सिंह अपने परिवार के साथ कपाली ओपी क्षेत्र के कमारगोड़ा में मधु महतो के मकान में किराये पर रहती थीं. मंगलवार को जंगल की ओर गए कुछ बच्चों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
पूछताछ के बाद हुई पहचान
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और परिजनों से संपर्क करने के बाद मृतका की पहचान सोमवारी सिंह के रूप में सुनिश्चित की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय स्तर पर पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद होने की चर्चा है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.