Jamshedpur Police: जमशेदपुर नगर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
लंबित मामलों और वारंट के निष्पादन पर जोर
बैठक में लंबित कांडों, न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई. नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को इन मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी लंबित मामलों को पूरा करने को कहा गया.
अवैध हथियार और ड्रग नेटवर्क पर कार्रवाई होगी तेज
अपराध गोष्ठी में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के साथ-साथ अवैध हथियारों के तस्करों और ड्रग पेडलरों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया.
ऑनलाइन पुलिस सिस्टम की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान CCTNS, ICJS और ICHSSO जैसी ऑनलाइन पुलिस प्रणालियों के संचालन और उनके अद्यतन रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सूचनाओं को समय पर अपडेट किया जाए.
कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.