Jamshedpur SSP: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार रात करीब 10 बजे शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सोनारी, कदमा और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में तैनात पीसीआर वाहनों और रात्रि गश्ती में लगे पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. अचानक हुए निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई.
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गश्ती दलों की तैनाती, सक्रियता और रात्रि गश्त की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि शहर में अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
एंटी क्राइम चेकिंग अभियान नियमित चलाने का निर्देश
एसएसपी ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाए. संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जाए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.
संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने को कहा
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गश्त के दौरान किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को तुरंत सूचना दी जाए, ताकि बिना विलंब कार्रवाई की जा सके.
अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जाए. उन्होंने संकेत दिया कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.