Jamshedpur News : शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अब इस मामले के सभी 16 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे और गणेश मछुवा के रूप में हुई है। पुलिस ने गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद मुख्य आरोपियों को फरार कराने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।
एसआईटी की जांच में मिली सफलता
सिटी एसपी ने बताया कि 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के समीप हिमांशु पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की।
जांच में सामने आया कि गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार गणेश का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है।
सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि सभी 16 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जांच एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच गई है। पुलिस अब मामले में साक्ष्यों को और मजबूत करते हुए जल्द ही आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करने की तैयारी कर रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।