Jamshedpur Bank Fraud: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत अन्य संबंधित कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में कथित धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
म्यूचुअल फंड में निवेश कराने का आरोप
बदल कुमार कुंडू के अनुसार, वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सलाह दी थी. अधिकारियों पर भरोसा कर उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया.
राशि निकालने पहुंचे तो मिली चौंकाने वाली जानकारी
पीड़ित का आरोप है कि मकान निर्माण के लिए जब वह निवेश की राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं. यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शाखा प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
पहले भी दी थी लिखित शिकायत
बदल कुमार कुंडू ने बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी. इसके बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ और न ही जमा राशि वापस की गई.
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
आवेदन में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों ने उनकी मेहनत की कमाई का गबन किया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है. फिलहाल इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस आवेदन के आधार पर आगे की प्रक्रिया में जुटी है.