Ranchi News : झारखंड में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता विभाग के अपर मुख्य सचिव करेंगे। इसमें कानूनों के लागू होने के बाद अब तक की प्रगति, विभागीय समन्वय और लंबित कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
गृह विभाग के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश तिवारी की ओर से जारी पत्र के अनुसार बैठक में पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय), पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन), कारा महानिरीक्षक, निदेशक अभियोजन, निदेशक विधि विज्ञान प्रयोगशाला, राज्य सूचना विज्ञान पदाधिकारी (NIC-ICJS) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह सचिव के निर्देशों के अनुपालन की भी होगी समीक्षा
बैठक में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के राज्य में क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा होगी।
विभागों को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ पहुंचने का निर्देश
गृह विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना है।