Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में वाहन जांच अभियान के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की. मौके पर मौजूद सड़क सुरक्षा टीम और पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद युवक को पुलिस अपने साथ थाने ले गई, जहां आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
हेलमेट जांच के दौरान बढ़ा विवाद
मंगलवार देर शाम पोस्ट ऑफिस चौक पर जिला परिवहन विभाग की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बुलेट बाइक से पहुंचे मनीष पुरती को हेलमेट नहीं पहनने पर रोका गया. जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार और उनकी टीम युवक से पूछताछ कर रही थी. इसी बीच वह अचानक नाराज हो गया और अपने पास मौजूद बोतल से पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया. इसके बाद उसने लाइटर जलाकर खुद को आग लगाने की कोशिश की.
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
घटना होते ही सड़क सुरक्षा टीम और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया और आग लगाने की कोशिश नाकाम कर दी. इस दौरान पोस्ट ऑफिस चौक पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई.
नशे में वाहन चलाने की पुष्टि, जांच जारी
घटना के बाद युवक को सदर थाना ले जाया गया, जहां उसका अल्कोहल टेस्ट कराया गया. प्रारंभिक जांच में उसके नशे की हालत में वाहन चलाने की पुष्टि हुई. जिला परिवहन विभाग ने मनीष पुरती के खिलाफ सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.