Navi Mumbai Airport: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने अपने परिचालन में नया इतिहास रचते हुए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू कर दी है। बुधवार तड़के एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नवी मुंबई से संयुक्त अरब अमीरात के अबूधाबी के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही घरेलू सेवाओं के बाद एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से भी जुड़ गया है।
100 यात्रियों के साथ पहली उड़ान अबूधाबी पहुंची
भारतीय समयानुसार रात 2:55 बजे बोइंग 737 मैक्स 8 विमान ने करीब 100 यात्रियों के साथ उड़ान भरी और लगभग ढाई घंटे बाद सुरक्षित अबूधाबी पहुंच गया। एयरलाइन ने इसे नवी मुंबई एयरपोर्ट और एयर इंडिया एक्सप्रेस दोनों के लिए ऐतिहासिक उड़ान बताया।
इस पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ जल्दी खराब होने वाले कृषि और खाद्य उत्पादों की पहली अंतरराष्ट्रीय खेप भी विदेश भेजी गई, जिससे निर्यात क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अब सप्ताह में तीन दिन नवी मुंबई और अबूधाबी के बीच नियमित उड़ान सेवा संचालित करेगी।
घरेलू उड़ानों के बाद अब अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू
गौरतलब है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से 25 दिसंबर 2025 को घरेलू उड़ानों की शुरुआत हुई थी। अब अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू होने से इसकी परिचालन क्षमता और बढ़ गई है। एयरपोर्ट का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, जहां परियोजना में एएएचएल की 74 प्रतिशत और सिडको की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है।