RDCA News: रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) में कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच शुरू होने से पहले ही अटक गई है. जांच समिति के अध्यक्ष बनाए गए अरविंद श्रीवास्तव ने समिति का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया है. उनके इस फैसले के बाद पूरी जांच प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है.
आरडीसीए के सचिव और कोषाध्यक्ष पर लगाए गए वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी. इस समिति की अगुवाई की जिम्मेदारी अरविंद श्रीवास्तव को सौंपी गई थी.
सूत्रों के अनुसार, समिति के गठन के आठ दिन बीत जाने के बावजूद जांच का काम शुरू नहीं हो सका. इसी दौरान अरविंद श्रीवास्तव ने खुद को समिति से अलग करने का निर्णय ले लिया. उनके हटने के बाद फिलहाल जांच आगे कैसे बढ़ेगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
आरडीसीए पिछले कुछ समय से विभिन्न विवादों के कारण चर्चा में रहा है. ऐसे में जांच समिति के अध्यक्ष के पीछे हटने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. क्रिकेट से जुड़े लोगों और जिला क्रिकेट क्लबों के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है. उनका मानना है कि इससे जांच की गति और निष्पक्षता दोनों प्रभावित हो सकती हैं.
अब निगाहें आरडीसीए प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं. यह देखना होगा कि समिति के लिए नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है या जांच को आगे बढ़ाने के लिए कोई दूसरी व्यवस्था की जाती है. साथ ही सचिव और कोषाध्यक्ष पर लगे आरोपों की जांच कब शुरू होगी, इस पर भी सभी की नजर बनी हुई है.