सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नीमगच्छी गांव की रहने वाली 65 वर्षीय सावित्री देवी मुख्य सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क के एक ओर पत्थर चिप्स से लदे भारी वाहन खड़े थे और दूसरी ओर से एक ऑटो गुजर रहा था. इसी बीच बाइक चालक को महिला को बचाने का मौका नहीं मिला और हादसा हो गया. दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक सवार को भी मामूली चोटें आईं.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को बाइक चालक की मदद से ऑटो के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल से ले जाने की तैयारी के दौरान ही उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद बाइक चालक अस्पताल से चला गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर खड़े भारी वाहनों को लेकर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि मुख्य सड़क पर रोजाना ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की लंबी कतार लगने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.