Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया. हालांकि पुलिस टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने चक्रधरपुर-सोनुवा रोड पर अभियान चलाया. इसी दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की गई. पुलिस के पहुंचते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला. इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया.
खनन विभाग को भेजी गई सूचना
पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर की जानकारी खनन विभाग को दे दी है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.
अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है.