Latehar News : जिले में प्रतिबंधित टीएसपीसी (TSPC) उग्रवादी संगठन ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। मनिका थाना क्षेत्र के माइल गांव में एक युवती पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसके घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना सेमरहट टोला निवासी कमलेश प्रसाद के घर की है। पोस्टर में कमलेश की बेटी सीमा कुमारी पर पुलिस को संगठन की गतिविधियों की जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही युवती और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
परिवार को घर से निकालने की चेतावनी
पोस्टर में परिवार से सीमा कुमारी को घर से बाहर निकालने की चेतावनी दी गई है। ऐसा नहीं करने पर संगठन की ओर से कार्रवाई करने की धमकी दी गई है। पोस्टर मिलने के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पोस्टर चिपकाने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया गया है कि कमलेश प्रसाद की पत्नी राधिका देवी लातेहार जिला सांख्यिकी विभाग में दैनिक आधार पर कार्यरत हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।