Gorakhpur University Admission 2026: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीधे प्रवेश की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है. जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है या ऐसे पाठ्यक्रम में दाखिला लेना चाहते हैं जहां सीटें अभी खाली हैं, वे 22 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय ने इस बार दो नए प्रोफेशनल कोर्स भी शुरू किए हैं, जिनके लिए भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं.
खाली सीटों वाले कोर्स में मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा के अनुसार, जिन स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों के मुकाबले कम आवेदन मिले हैं, उनमें डायरेक्ट एडमिशन की सुविधा दी जा रही है. प्रवेश पूरी तरह सीटों की उपलब्धता और विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार होगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पात्रता, शुल्क और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी प्रवेश पोर्टल पर देखने की सलाह दी गई है.
दो नए प्रोफेशनल कोर्स में भी शुरू हुए आवेदन
इस शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय ने रोजगार आधारित दो नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए हैं. इनमें डिप्लोमा इन थिएटर की 30 सीटें और बीबीए इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशंस की 60 सीटें निर्धारित की गई हैं. इन दोनों कोर्सों के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई तय की गई है.
जल्द शुरू होंगे पीएचडी प्रवेश के आवेदन
विश्वविद्यालय इसी सप्ताह शोध पात्रता परीक्षा यानी आरईटी-2026 के लिए भी ऑनलाइन आवेदन शुरू करने की तैयारी में है. इस बार कुल 829 पीएचडी सीटों पर प्रवेश होगा. इनमें 265 सीटें विश्वविद्यालय परिसर, 488 सीटें संबद्ध महाविद्यालयों और 76 सीटें स्ववित्तपोषित योजना के तहत उपलब्ध रहेंगी. कुल 753 नियमित पीएचडी सीटें 44 विषयों में भरी जाएंगी, जबकि तकनीकी, कृषि, फार्मेसी और वाणिज्य संकाय के लिए 76 स्ववित्तपोषित सीटें निर्धारित की गई हैं. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों और प्रवेश नियमों को ध्यान से पढ़ने की अपील की है.