Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में जादूगोड़ा थाना कांड संख्या-31/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम स्यासपुर के पास पुराने माइंस मार्ग से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के जरिए अवैध रूप से गांजा की बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना का सत्यापन करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को पकड़कर की गई तलाशी
छापेमारी के दौरान ग्राम स्यासपुर के पास मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास रखे काले प्लास्टिक के पैकेट से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक और मोबाइल भी जब्त, आरोपी न्यायिक प्रक्रिया में
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगेन भक्त (45 वर्ष), पिता सुभाष भक्त, निवासी ग्राम स्यासपुर, थाना जादूगोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DK-6337) भी जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक अंसारी समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।