Potka News: पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. कव्वाली थाना क्षेत्र की नारदा पंचायत में 12 वर्षीय अनीता सरदार की तेज बुखार के बाद मौत हो गई. स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि मामला मलेरिया से जुड़ा हो सकता है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. घटना के बाद पूरे इलाके में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है.
मेडिकल टीम ने गांव पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों से पूरी जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू कराई. साथ ही मलेरिया की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण के संभावित फैलाव को रोका जा सके.
पांच वर्षीय भाई अस्पताल में भर्ती
जांच के दौरान मृत बच्ची का पांच वर्षीय भाई अजय सरदार भी तेज बुखार से पीड़ित मिला. शुरुआत में परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समझाइश के बाद बच्चे को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है.
बुखार होने पर तुरंत जांच कराने की अपील
पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर इलाज में देरी न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं. अधिकारियों का कहना है कि समय पर उपचार से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है.