Ranchi News : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कक्षा 8वीं विशेष परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षा मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण, अनुपस्थित या मार्जिनल श्रेणी में आए विद्यार्थियों के लिए 28 जुलाई को राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा OMR शीट पर दो पालियों में होगी।
पहली पाली सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी और अतिरिक्त विषयों की परीक्षा ली जाएगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी, जिसमें गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा होगी।
21 जुलाई से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा
JAC ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे 21 जुलाई से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर संबंधित विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि मार्जिनल श्रेणी के विद्यार्थी केवल उसी विषय की परीक्षा देंगे, जिसमें उन्हें मार्जिनल घोषित किया गया था।
22 से 27 जुलाई तक अपलोड करने होंगे आंतरिक मूल्यांकन के अंक
परिषद ने विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे 22 से 27 जुलाई के बीच विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन अपलोड करें। JAC ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन या अंक स्वीकार नहीं किया जाएगा।