Latehar Lightning Strike: झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई. दोनों दोस्त तेज बारिश के दौरान बचाव के लिए सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पुष्टि की है.
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे दोनों
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के नवोदय रोड स्थित कस्तूरबा स्कूल के पास यह हादसा हुआ. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय पीयूष कुमार और पवन साहू के रूप में हुई है. दोनों मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर उन्होंने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और पास में मौजूद महुआ के पेड़ के नीचे रुक गए.
वज्रपात की चपेट में आने से गई जान
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कुछ ही देर बाद तेज गड़गड़ाहट के साथ उसी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात इतना तेज था कि दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के दौरान पीयूष कुमार की जेब में रखा मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दोनों युवकों को तत्काल लातेहार सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई थी.