Boakro: बोकारो में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चुट्टे (खरना) बाजारटांड़ में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
घर में चल रहा था अवैध शराब का कारोबार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुट्टे बाजारटांड़ निवासी 30 वर्षीय कुंजलाल महतो अपने घर में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद चतरोचट्टी थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोमिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
तलाशी में मिली कई ब्रांड की विदेशी शराब
पुलिस टीम ने आरोपी के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त की गई शराब में गॉड फादर, बैड मंकी, 8 पीएम, रॉयल स्टेज, रॉयल झारखंड और मैकडॉवेल्स जैसी कंपनियों के बीयर और शराब के कुल 99 बोतल एवं 36 बीयर कैन/बोतल शामिल हैं। बरामद सभी शराब को जब्त कर लिया गया।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुंजलाल महतो को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ चतरोचट्टी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 274, 275, 292 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47A के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की आपूर्ति कहां से की जाती थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
इन पुलिस अधिकारियों ने की कार्रवाई
इस अभियान में गोमिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप, चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, हवलदार गंगा राम बानरा, महेश तामसोय, आरक्षी मुन्ना कुमार राम, इंदल चौरसिया तथा चालक नागेंद्र महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।