Koderma: कोडरमा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सतगावां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब की खेप ले जा रहे दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया, जबकि चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बिहार ले जाई जा रही थी शराब की खेप
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो और एक सफारी वाहन में बड़ी मात्रा में शराब लोड कर सतगावां होते हुए गोविंदपुर मार्ग से बिहार पहुंचाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और चोइधराम बेल फॉरेस्ट के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
घेराबंदी कर वाहनों को पकड़ा
जांच के दौरान संदिग्ध दोनों वाहन जैसे ही पुलिस के पास पहुंचे, चालकों ने बच निकलने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों की घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहनों की सीटों के नीचे और पिछले हिस्से में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
विदेशी शराब, बीयर और दोनों वाहन जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 247 लीटर विदेशी शराब और 30 लीटर बीयर सहित विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और सफारी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
बिहार के चार आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के सारण और वैशाली जिले के रहने वाले आदित्य राज, गौतम कुमार, संतोष कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अवैध कारोबारियों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शराब तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।