Jagannath Rath Yatra 2026: ओडिशा के पुरी में गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई. घटना के बाद प्रशासन ने हालात पर काबू पाने का दावा किया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस बीच धार्मिक परंपराओं के अनुसार रथ यात्रा का आयोजन जारी है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल हुए हैं.
भीड़ के बीच हादसा, अस्पताल में हुई मौत
रथ यात्रा के दौरान अचानक धक्का-मुक्की होने से एक श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़ा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी तबीयत बिगड़ने पर तुरंत पुरी जिला मुख्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रशासन के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है और स्थिति अब नियंत्रण में है.
धार्मिक परंपराओं के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
निर्धारित धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा को उनके अलग-अलग रथों पर विराजमान कराया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने रस्सियों के सहारे रथों को श्रीमंदिर से गुंडिचा मंदिर की ओर खींचना शुरू किया. यह वार्षिक आयोजन 16 जुलाई से शुरू होकर 27 जुलाई को नीलाद्री बीजे की परंपरा के साथ संपन्न होगा. मान्यता है कि इस दौरान भगवान स्वयं भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर आते हैं.
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, मुख्यमंत्री भी पहुंचे
रथ यात्रा को देखते हुए पुरी में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं. इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी आयोजन में पहुंचे और श्रद्धालुओं को पानी पिलाकर सेवा की. उनके साथ पुरी के सांसद संबित पात्रा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से हादसे की जांच जारी होने की जानकारी दी गई है.