Adityapur: आदित्यपुर बस मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के करीब 200 कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में शुक्रवार को कंपनी के कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें लगातार वेतन भुगतान का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक उनके खातों में राशि नहीं पहुंची है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से मई और जून 2026 के बकाया वेतन का इंतजार कर रहे हैं। बार-बार भुगतान का भरोसा दिया गया, लेकिन हर बार तारीख आगे बढ़ा दी गई। उनका कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल वेतन भुगतान चाहते हैं। कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कंपनी ने जारी किया नोटिस
इस बीच कंपनी प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के नाम एक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि मई और जून 2026 के बकाया वेतन के विरुद्ध आंशिक भुगतान 15 जुलाई 2026 तक करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कर्मचारियों को दैनिक जरूरतों के लिए अस्थायी आर्थिक सहायता मिल सके। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शेष बकाया वेतन का भुगतान कर्मचारियों की उपस्थिति अभिलेखों के सत्यापन और मानगो नगर निगम से कंपनी के लंबित बिलों का भुगतान प्राप्त होने के बाद किया जाएगा।