Hazaribagh: हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र के पुनाई टांड़ स्थित एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा चौथी कक्षा के छात्र की कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षक ने डंडे से उसकी पिटाई की, जिससे उसे चोटें आईं। मामले को लेकर दारू थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
होमवर्क पूरा नहीं होने पर छात्र की पिटाई का आरोप
जानकारी के अनुसार, इचाक थाना क्षेत्र के लुंदरू गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता का 10 वर्षीय पुत्र रौनक गुप्ता एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। परिजनों के अनुसार, विद्यालय में शिक्षक अजय कुमार ने छात्र से होमवर्क दिखाने को कहा। छात्र ने तबीयत खराब होने के कारण होमवर्क पूरा नहीं होने की बात बताई। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने नाराज होकर उसकी डंडे से पिटाई कर दी।
छात्र के घायल होने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का आरोप है कि पिटाई के दौरान छात्र चोटिल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र के पिता का कहना है कि छुट्टी के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वह अपने घायल बेटे को लेकर विद्यालय की प्राचार्या से मिलने पहुंचे।
प्राचार्या पर भी लगाया आरोप
छात्र के पिता सुनील कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने घटना की जानकारी देने के लिए प्राचार्या ममता देवी से संपर्क किया, लेकिन उनकी शिकायत पर उचित प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने प्राचार्या पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले को लेकर छात्र के पिता ने दारू थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राचार्या ने कहा- स्कूल में छड़ी का इस्तेमाल प्रतिबंधित
वहीं, विद्यालय की प्राचार्या ममता देवी ने कहा कि उन्हें शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई किए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि स्कूल में छड़ी का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्राचार्या ने कहा कि यदि शिक्षक द्वारा ऐसा किया गया है तो यह गलत है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय छात्र के हित में आवश्यक कदम उठाएगा।