Ranchi Auto Driver: रांची के कांटाटोली इलाके में एक ऑटो चालक को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसे चालक का रिम्स में इलाज चल रहा है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
काम छोड़ने के बाद बढ़ा विवाद
घायल की पहचान समीर उर्फ सोनू के रूप में हुई है. वह पिछले करीब 10 वर्षों से नामकुम निवासी एक व्यक्ति का ऑटो चलाता था. परिजनों के अनुसार, 11 जुलाई को समीर ने अपने मालिक को बताया था कि वह अब उसकी गाड़ी नहीं चला सकेगा. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई.
पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 5.30 बजे कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास ऑटो मालिक के बेटे और उसके एक साथी ने समीर को रोक लिया. इसके बाद दोनों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी. हमले में समीर गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तत्काल रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
हमले में समीर की दोनों कलाइयां, दोनों हाथ, छाती और पेट बुरी तरह झुलस गए हैं. पीड़ित के भाई मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.