रांची:बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना से संबंधित समस्याओं को लेकर जिला पार्षद डॉ. कविता परमार ने बुधवार को रांची में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और बाधाओं को विस्तार से रखा।
मुलाकात के दौरान डॉ. परमार ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति में हो रही देरी, पानी टंकी क्षेत्र की जर्जर हालत, मोटर और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की खराबी, बारिश के दौरान शंप में पानी भरने की समस्या, VWSC समिति की निष्क्रियता सहित कई अहम मुद्दों पर ध्यान आकर्षित कराया।

प्रधान सचिव ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

हालांकि, वृहद जलापूर्ति योजना के अधूरे कार्यों के संबंध में प्रधान सचिव ने फंड की कमी को मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए बागबेड़ा क्षेत्र के सभी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाधान की रणनीति बनाई जाएगी।

इस प्रतिनिधिमंडल में पार्षद डॉ. कविता परमार के साथ मध्य बागबेड़ा पंचायत की मुखिया उमा मुंडा, कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गौड़, समिति सदस्य झरना मिश्रा, वार्ड सदस्य उमेश पांडे और राकेश कुमार सिंह शामिल थे।