Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
धारदार हथियार से हुई थी निर्मम हत्या, चार लोगों पर आरोप
शनिवार दोपहर करीब एक बजे बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई सोनू गोप ने पुलिस को बताया की शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक की भी संलिप्ता बताई। परिजनों के अनुसार सुबह गणेश और जगन्नाथ के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद प्रेम नायक उसे घर से बुलाकर ले गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
एसपी के निर्देश पर तेज हुई जांच, फरार आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच में तेजी लाई। इसी अभियान के तहत रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में दबिश देकर मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
आठ वर्षीय बेटे और दो वर्षीय बेटी के सिर से उठा पिता का साया
जगन्नाथ गोप की पत्नी का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब उनकी हत्या के बाद आठ वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री के सिर से पिता का भी साया उठ गया है। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी इस वारदात को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।