Jamshedpur News : केंद्र सरकार के निर्देश पर एफसीआई गोदामों के पुनर्गठन के फैसले के विरोध में दूसरे दिन भी बर्मामाइंस स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर मजदूरों का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने मुख्य गेट पर धरना दिया, जिससे कुछ समय के लिए राशन उठाव का कार्य प्रभावित रहा। इस दौरान राशन लदी गाड़ियों को भी रोक दिया गया।
सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब पीडीएस डीलर सीधे एफसीआई गोदाम से राशन उठाएंगे। साथ ही साकची, करनडीह और बर्मामाइंस स्थित तीनों एफसीआई गोदामों की व्यवस्था को समेटकर केवल बर्मामाइंस गोदाम से राशन वितरण करने का निर्णय लिया गया है।
पुनर्विचार और वैकल्पिक रोजगार की मांग
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने से तीनों गोदामों में वर्षों से कार्यरत करीब 60 मजदूरों की आजीविका पर संकट आ जाएगा। उन्होंने सरकार से पुनर्गठन के फैसले पर पुनर्विचार करने, रोजगार सुरक्षित रखने और वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था करने की मांग की।
मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार और सरयू राय को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।