Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम का प्रमुख पर्यटन स्थल दलमा अब पर्यटकों के लिए और आकर्षक का केंद्र बनने जा रहा है। माकुलाकोचा में आधुनिक सुविधाओं से लैस नया इको रेस्ट हाउस पूरी तरह तैयार हो चुका है। वन विभाग जल्द इसका उद्घाटन कर इसे पर्यटकों के लिए समर्पित करेगा। प्राकृतिक वादियों के बीच बने इस रेस्ट हाउस में 15 आधुनिक कमरे और आकर्षक फाउंटेन बनाया गया है, जो खासकर रात के समय रोशनी में इसकी खूबसूरती को और बढ़ाएगा।
पिंडराबेड़ा में बनेगा हैंगिंग इको रेस्ट हाउस
दलमा टॉप स्थित पिंडराबेड़ा में भी 15 कमरों वाला एक आधुनिक इको रेस्ट हाउस तेजी से आकार ले रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा हैंगिंग डिजाइन होगा, जिसमें भवन का एक हिस्सा पहाड़ से बाहर की ओर निकला रहेगा। दोनों परियोजनाओं पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे दलमा को राज्य के प्रमुख इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
दलमा की प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी ने बताया कि माकुलाकोचा का रेस्ट हाउस पूरी तरह तैयार है, जबकि पिंडराबेड़ा परियोजना अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है। रेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी इको विकास समिति को दी जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
बेहतर सड़क से सफर होगा आसान
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने चाकुलिया से माकुलाकोचा स्थित दलमा के मुख्य प्रवेश द्वार तक करीब डेढ़ किलोमीटर कच्ची सड़क पर लगभग सात लाख रुपये की लागत से पेवर्स ब्लॉक बिछाए हैं। इससे बरसात में फिसलन की समस्या कम होगी और आवागमन अधिक सुरक्षित बनेगा। विभाग को उम्मीद है कि नई सुविधाओं और बेहतर आधारभूत ढांचे के कारण दलमा में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।