Jharkhand Unemployment: झारखंड में रोजगार की तलाश करने वाले युवाओं और अन्य पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 3.91 लाख के करीब पहुंच गई है. ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 3,91,944 लोग नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं. इनमें युवाओं की हिस्सेदारी सबसे अधिक है, जबकि जिला स्तर पर पलामू रोजगार चाहने वालों की सूची में सबसे ऊपर है.
युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा
राज्य में रोजगार की तलाश कर रहे लोगों में 2,66,711 पुरुष, 1,25,209 महिलाएं और 24 ट्रांसजेंडर शामिल हैं. आयु वर्ग के हिसाब से 20 से 39 वर्ष के 3,22,916 लोग नौकरी की तलाश में हैं. वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु के 39,342 और 19 वर्ष तक के 29,686 अभ्यर्थी भी रोजगार की उम्मीद लगाए हुए हैं.
पलामू में सबसे अधिक, सिमडेगा में सबसे कम पंजीकरण
जिला स्तर पर पलामू में सबसे ज्यादा 44,088 लोग रोजगार की तलाश कर रहे हैं. इसके बाद बोकारो में 36,847, धनबाद में 34,992, पूर्वी सिंहभूम में 33,173 और रांची में 30,351 पंजीकृत अभ्यर्थी हैं.
वहीं सबसे कम संख्या सिमडेगा में दर्ज की गई है, जहां 4,734 लोग रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं. इसके बाद देवघर में 5,107, खूंटी में 5,890, चतरा में 6,020 और कोडरमा में 6,886 लोग नौकरी की तलाश में हैं.
कई जिलों में भी बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक
पश्चिमी सिंहभूम में 19,389 और सरायकेला-खरसावां में 19,326 लोग रोजगार की तलाश में हैं. गुमला में 18,876, पाकुड़ में 18,885 और गिरिडीह में 18,014 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. इसके अलावा दुमका में 12,601, रामगढ़ में 11,924, गोड्डा में 11,358, जामताड़ा में 11,256, हजारीबाग में 9,421, गढ़वा में 9,232, लोहरदगा में 8,486 और साहिबगंज में 7,855 लोग रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
सामाजिक वर्ग के आधार पर भी जारी हुए आंकड़े
सामाजिक वर्ग के अनुसार ओबीसी वर्ग में 66,573 पुरुष और 30,038 महिलाएं रोजगार की तलाश में हैं. सामान्य वर्ग में 57,809 पुरुष और 20,402 महिलाएं पंजीकृत हैं. अनुसूचित जनजाति वर्ग में 53,599 पुरुष और 43,066 महिलाएं नौकरी की प्रतीक्षा कर रही हैं.
बीसी-1 वर्ग में 40,850 पुरुष और 13,453 महिलाएं रोजगार चाहती हैं, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग में 33,214 पुरुष और 13,718 महिलाएं पंजीकृत हैं. बीसी-2 वर्ग में 13,869 पुरुष और 4,345 महिलाएं रोजगार की तलाश में हैं. वहीं ईबीसी वर्ग से 797 लोगों ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया है.