Chatra: चतरा जिले के इटखोरी बाजार में 12 जुलाई को ज्वेलरी व्यवसायी दिलीप सोनी की बाइक की डिक्की से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने प्रेस वार्ता में किया। इस मामले में उड़ीसा के जाखापुर थाना क्षेत्र के दशमनिया गांव निवासी दीपक प्रधान को गिरफ्तार किया गया है, जो कुख्यात गुलगुलिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, छिनतई और डिक्की से सामान उड़ाने की कई घटनाओं में शामिल रहा है और प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसने चतरा जिले के पत्थलगड़ा और जोरी थाना क्षेत्र में भी ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाया था, जिसके बाद अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
आधा किलो सोना बेचने का झांसा देकर जुटाई पूरी जानकारी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने घटना से पहले कई दिनों तक ज्वेलरी दुकान की रेकी की थी। इसके बाद वह ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा और आधा किलो चोरी का सोना सस्ते दाम में बेचने का प्रस्ताव दिया। इसी बहाने उसने व्यवसायी की गतिविधियों, आने-जाने के समय और जेवरात ले जाने के तरीके की पूरी जानकारी जुटाई। व्यवसायी के तौर-तरीकों से पूरी तरह वाकिफ होने के बाद आरोपी ने सुनियोजित तरीके से बाइक की डिक्की से लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
उड़ीसा से संचालित हो रहा था संगठित गिरोह
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का सरगना उड़ीसा का आकाश प्रधान है, जो गिरोह के सदस्यों को अपराध करने के लिए हर महीने एक लाख रुपये तक का भुगतान करता था। गिरोह में उड़ीसा के दशमनिया और आसपास के गांवों के कई युवक शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग राज्यों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने के लिए भेजा जाता था। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरोह के इन सदस्यों को हैदराबाद में विशेष प्रशिक्षण दिया जाता था, जहां उन्हें बाइक और कार की डिक्की बिना नुकसान पहुंचाए खोलने, भीड़ में पहचान छिपाने, रेकी करने और वारदात के बाद तेजी से फरार होने की तकनीक सिखाई जाती थी और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ही उन्हें विभिन्न राज्यों में सक्रिय किया जाता था।