Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-19

Jharkhand E-Challan: सर्वर डाउन होने से वाहन मालिक परेशान, ऑनलाइन चालान जमा नहीं हो रहा

Jharkhand E-Challan: ई-चालान का ऑनलाइन भुगतान करने वाले वाहन मालिक इन दिनों परेशानी का सामना कर रहे हैं. ई-चालान वेबसाइट का सर्वर पिछले कुछ दिनों से प्रभावित होने के कारण लोग समय पर जुर्माना जमा नहीं कर पा रहे हैं. शिकायतें बढ़ने के बाद रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने भी तकनीकी दिक्कत की पुष्टि की है.

वेबसाइट नहीं खुलने से बढ़ी परेशानी
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होने पर वाहन मालिकों को मोबाइल पर एसएमएस के जरिए ई-चालान भेजा जाता है. अधिकांश लोग जुर्माना ऑनलाइन जमा करना पसंद करते हैं, लेकिन इन दिनों jhpolice.gov.in और echallan.parivahan.gov.in की सेवाएं प्रभावित होने से भुगतान की प्रक्रिया अटक गई है. कई वाहन मालिकों ने इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस से शिकायत की है.

ट्रैफिक एसपी बोले- तकनीकी समस्या दूर करने की कोशिश
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ई-चालान पोर्टल में तकनीकी समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में परिवहन विभाग से संपर्क किया गया है और वेबसाइट को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में यूजर्स के वेबसाइट खोलने से भी सर्वर पर दबाव बढ़ जाता है. उम्मीद है कि जल्द ही ऑनलाइन भुगतान की सुविधा फिर से सामान्य हो जाएगी.

अधिकांश चालान ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं
ट्रैफिक विभाग के अनुसार, सामान्य ट्रैफिक उल्लंघनों के ज्यादातर ई-चालान का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है. वेबसाइट ठीक होने के बाद वाहन मालिक पहले की तरह डिजिटल माध्यम से जुर्माना जमा कर सकेंगे.

इन दो मामलों में ऑनलाइन भुगतान की सुविधा नहीं
हालांकि, रेड लाइट जंप और ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था नहीं है.

रेड लाइट जंप: इस मामले में जुर्माना काउंटर पर जमा करना होता है. वाहन चालक को एक स्व-घोषणा पत्र देना पड़ता है कि भविष्य में वह इस तरह का उल्लंघन नहीं करेगा.

ड्रंक एंड ड्राइव: ऐसे मामलों में वाहन से जुड़े दस्तावेज अभियोजन के लिए कोर्ट भेजे जाते हैं. इसलिए जुर्माना भी न्यायालय के माध्यम से ही जमा किया जाता है.



वाहन मालिकों से धैर्य रखने की अपील
ट्रैफिक विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वेबसाइट सामान्य होने तक धैर्य रखें. तकनीकी समस्या दूर होने के बाद ऑनलाइन भुगतान की सुविधा फिर से सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !