Seraikela: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का कार्य तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त नहीं हुआ है या जिन्होंने भरा हुआ फॉर्म अभी तक जमा नहीं किया है, वे बिना देर किए अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) या बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क करें।
18 और 20 जुलाई को शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 18 जुलाई और 20 जुलाई को जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। मतदाता मौके पर ही फॉर्म प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा भी कर सकेंगे।
22 जुलाई को होगी बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बीएलओ तथा आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।