Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. संक्रमण पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है. पिछले 20 दिनों में जिले के 1.66 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई, जिसमें 2,300 मलेरिया संक्रमित पाए गए हैं.
पोटका सबसे ज्यादा प्रभावित, गांव-गांव पहुंच रही मेडिकल टीम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पोटका प्रखंड शामिल है. यहां के 20 गांवों में 20 डॉक्टरों की टीम लगातार कैंप लगाकर लोगों की जांच और इलाज कर रही है.
शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 12,976 लोगों की स्क्रीनिंग की गई. जांच में 104 नए मरीजों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद सभी का उपचार शुरू कर दिया गया है.
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जांच शिविर में पहुंचकर मलेरिया की जांच कराएं.
बचाव ही सबसे बड़ा उपाय
मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और रात में मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की सलाह दी है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बुखार होने पर बिना जांच के दवा लेने के बजाय स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करें.