Jamshedpur News: मानसून के बीच मानगो की जल निकासी व्यवस्था को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) और जनसुविधा समिति ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर रविवार को दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने मानगो के कई इलाकों का दौरा कर नालों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टैंक रोड, कालिका नगर चौक, उलीडीह, खनका, कालिका नगर रोड नंबर-3 और कुटकुट डुंगरी रोड नंबर-6 समेत कई प्रमुख नालों का निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधियों का आरोप है कि जिन नालों की सफाई के लिए मई में बारिश से पहले निविदाएं जारी की गई थीं, उनमें अधिकांश जगहों पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
स्लैब तोड़ी, लेकिन काम अधूरा छोड़ने का आरोप
निरीक्षण के दौरान कालिका नगर रोड नंबर-3 स्थित नाले की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए। प्रतिनिधियों का कहना है कि सफाई के नाम पर नाले की स्लैब काट दी गई, लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि करीब एक महीने पहले मेयर, उप-मेयर और मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न सफाई पूरी हुई और न ही मरम्मत का कार्य शुरू हुआ।
कुटकुट डुंगरी में घरों तक पहुंच रहा बारिश का पानी
प्रतिनिधियों ने कुटकुट डुंगरी रोड नंबर-6 (नीचे टोला) के बड़े नाले का भी निरीक्षण किया। उनका दावा है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क और आसपास के घरों में भर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम चुनाव से पहले नाले की सफाई कराई गई थी, लेकिन उसके बाद दोबारा कोई काम नहीं हुआ।
"कागजों में काम, जमीन पर नहीं"
निरीक्षण में शामिल वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाया कि नाला सफाई से जुड़े कई कार्य केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई देती है। उनका कहना है कि यदि समय पर सफाई होती तो बारिश के दौरान लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।
जनसमस्याओं की निगरानी जारी रखने की बात
जदयू और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि मानगो क्षेत्र में नालों की सफाई, विकास योजनाओं और अन्य जनसुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। उनका कहना है कि जिन योजनाओं की निविदा जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है, उनकी जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद राजू प्रजापति, जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।