Current News : सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में प्रशिक्षण ले रही 30 वर्षीय महिला IPS प्रोबेशनर ने अपने साथी प्रशिक्षु पर पीछा करने, मारपीट, आपराधिक धमकी देने और बिना सहमति निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर हैदराबाद पुलिस ने आरोपी प्रशिक्षु उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुम एचके ने 18 जुलाई को दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया कि पिछले कुछ सप्ताह से आरोपी लगातार उनका पीछा कर परेशान कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 9 जुलाई को आरोपी ने उन्हें जबरन रोककर अपने कमरे में ले गया, जहां उनके साथ मारपीट की। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने उनके बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की और गर्दन पर चाकू रखकर उन्हें कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया। आरोप है कि 10 जुलाई को भी आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और आपत्तिजनक तरीके से छूने का प्रयास किया।
निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बिना सहमति उनका निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में कथित तौर पर उसे उनके पति को भेज दिया। महिला प्रोबेशनर का दावा है कि आरोपी इस वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा था। साथ ही उनके बारे में झूठी और अपमानजनक बातें फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट, पीछा करने, आपराधिक धमकी और महिला की गरिमा भंग करने से संबंधित BNS की धाराओं के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।