Bokaro News : जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ स्थित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। घटनास्थल से मिले अहम सबूतों को जब्त कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
बेड के नीचे पड़ा मिला शव, कई थानों की पुलिस कर रही संयुक्त जांच
कौशल विकास केंद्र के कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि रोज की तरह जब वे मेस में भोजन व्यवस्था देखने पहुंचे तो गणेश कपरदार अपने कमरे में बेड के नीचे गिरे हुए मिले। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पेटरवार थाना, आईईएल थाना, तेनुघाट ओपी और कसमार थाना की पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। इस बीच गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।