Jamshedpur News: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किसानों और ग्रामीण महिलाओं के प्रति सम्मान जताते हुए अनोखी मिसाल पेश की। रांची से जमशेदपुर लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर तमाड़ के नीरूडीह गांव के पास उन्होंने खेतों में महिलाओं को धान की रोपनी करते देखा और अपना वाहन रुकवाकर सीधे खेत में उतर गईं।
महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर की रोपनी
खेत में पहुंचकर विधायक ने ग्रामीण महिलाओं के साथ धान की रोपनी की। इस दौरान महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने किसानों और महिलाओं से खेती-किसानी, बारिश की स्थिति और फसल से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा कर उनका हाल जाना।
किसान देश की रीढ़ है
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके अथक परिश्रम से ही लोगों की थाली तक अन्न पहुंचता है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और संघर्ष का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है, क्योंकि हर मौसम की चुनौतियों के बीच खेती करना आसान काम नहीं है।
खेत में उतरते ही ताजा हुईं बचपन की यादें
धान रोपनी के दौरान विधायक भावुक भी नजर आईं। उन्होंने बताया कि बचपन में वह अपनी बुआ के गांव जाती थीं और वहां ग्रामीण महिलाओं के साथ धान की रोपनी किया करती थीं। वर्षों बाद फिर से खेत में उतरकर वही अनुभव मिला, जिसने बचपन की यादें ताजा कर दीं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ग्रामीण महिलाओं ने विधायक के आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह आम लोगों के बीच आकर उनकी मेहनत को समझना प्रेरणादायक है। खेत में धान रोपनी करते विधायक पूर्णिमा दास साहू का वीडियो लोगों ने अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।