Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 के किनारे पड़ा मिला। मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जबकि घटना से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-22 किया जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने घंघरी के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से चतरा से बिहार के गया सहित अन्य रूटों पर चलने वाले छोटे और बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले के सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।